हाथरस में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। श्रावण मास के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम और एसपी ने हतीसा बाईपास से लेकर आगरा जनपद की सीमा तक यात्रा मार्ग का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगला भुस चौराहा और चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाई मास्क लाइट लगाने, कोटा-कपूरा चौराहा एवं कुरसंडा मोड़ पर बैरीकेटिंग कराने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर अलग लेन तैयार करने, सैंड बैग लगाने और उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले सभी शिविर निर्धारित दूरी पर लगाए जाएं और वहां पेयजल, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट, डस्टबिन तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकतानुसार कवर करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम अतुल वत्स ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










