जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया।
सिकंदराराऊ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में गुरुवार, 30 जुलाई को कासगंज रोड, एटा रोड समेत विभिन्न कांवड़ मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान नालों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मियों के साथ पुलिस एवं तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।










