हाथरस के ग्राम पंचायत जलालपुर से हाथरस जंक्शन मार्ग पर जलभराव और अधूरे सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गिट्टी और लाल मिट्टी डाले जाने के बाद लगातार हो रही बारिश से कई स्थानों पर भारी जलभराव हो गया है।
गांव के बाहर रेलवे लाइन के नीचे बने पुल में भी पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, सावन माह में इसी मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु गुजर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकाला जाए और जलालपुर से हाथरस जंक्शन तक सड़क निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा कराया जाए। इसके अलावा कांवड़ यात्रा को देखते हुए पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला जनसुरक्षा, धार्मिक आस्था और आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने संबंधित विभागों से संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत पड़ने पर अस्थायी सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की अपील की है।










