हाथरस। सांसद पप्पू यादव द्वारा संसद भवन के सामने भगवा वस्त्र पहनकर प्रदर्शन किए जाने के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली सदर क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पप्पू यादव और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पप्पू यादव का पुतला फूंका गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भगवा वस्त्र पहनकर प्रदर्शन करना सनातन परंपरा और साधु-संतों का अपमान है। विरोध स्वरूप पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने उसे पैरों से कुचलकर अपना आक्रोश जताया। विश्व हिंदू परिषद ने पप्पू यादव की इस हरकत की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल शर्मा ने कहा कि भगवा का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










