सासनी। क्षेत्र के गांव नगला लोका में लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार देर रात करीब एक बजे एक बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी मनोज कुमार के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।
हादसे में एक महिला, एक बालक, एक युवक सहित कुल चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को मलबे से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी। देर रात अचानक छत गिरने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। यदि ग्रामीण समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराया जाए तथा जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
लगातार हो रही वर्षा के बीच यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर मकानों की स्थिति पर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के साथ ही प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है।










