सिकंदराराऊ। मोहल्ला हुरमतगंज स्थित प्राचीन किशोरी वल्लभ मंदिर से बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शुभारंभ किया गया। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी विकास वार्ष्णेय उर्फ देवा भैया उपस्थित रहे। उनके साथ सैकड़ों श्रद्धालु, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल रहे। यात्रा का शुभारंभ विकास वार्ष्णेय द्वारा बाबा महाकाल की आरती कर किया गया। यात्रा के दौरान नगर में भक्ति, उल्लास और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
यात्रा के दौरान हुई मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को डिगा नहीं सकी। तेज बारिश के बीच भी भक्त पूरे जोश और उमंग के साथ बाबा महाकाल की पालकी के पीछे चलते रहे। “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं के उत्साह में कहीं भी कोई कमी देखने को नहीं मिली।
कार्यक्रम को सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने में प्रशांत भारद्वाज एवं मेघा भारद्वाज की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
पालकी यात्रा के उपरांत किशोरी वल्लभ मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा भव्य हनुमान चालीसा पाठ एवं साप्ताहिक मिलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। संपूर्ण वातावरण भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
बाबा महाकाल की पालकी नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी उचित प्रबंध किए गए।










