हाथरस। शहर की नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन की मांग को लेकर जनपद की सभी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक लागू नो-एंट्री के कारण व्यापार और ट्रांसपोर्ट का कार्य प्रभावित हो रहा है।
पदाधिकारियों ने बताया कि लोडिंग-अनलोडिंग और माल की आपूर्ति में लगातार दिक्कतें आ रही हैं, जिससे व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पूर्व की भांति सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 3 बजे से 5 बजे तक नो-एंट्री में छूट देने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में राहुल गुप्ता, अनिल वाष्ण्रेय (तेल वाले), रवि वाष्ण्रेय सहित अन्य ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।










