115वें श्री दाऊजी महाराज मेले की तैयारियां हुई तेज़,डीएम अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित हुई समिति की बैठक

0
31

 

हाथरस। शहर के ऐतिहासिक राजा दयाराम किले पर आयोजित होने वाले 115वें श्री दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला 115वां एवं तृतीय राजकीय मेला होगा। बैठक में मेले के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करे।

डीएम ने बताया कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। साथ ही मेले में लगने वाली दुकानों की तहबाजारी निर्धारित करने तथा संबंधित ठेकेदारों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी तय किए गए।

बैठक में मेला परिसर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलभराव जैसी समस्या से बचने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी बनाया जाए। इसके अलावा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में स्थायी निर्माण कार्यों की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण प्रशासन मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक शिव प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here