हाथरस। थाना सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गुरुवार देर शाम ग्राम मढ़ाका के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब त्रयोदशी संस्कार से लौट रहे लोगों से भरा टेंपो पीछे से आए एक अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर, सादाबाद निवासी लोग एक त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर टेंपो से लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर सहपऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
दुर्घटना में महकी कलां, जलेसर (एटा) निवासी 55 वर्षीय रामबाबू पुत्र शोभाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शीला देवी, सुदामा सिंह, प्रेमलता, नेमा देवी, सुनील कुमार, शुभम, अंकित, अंश और पुनीत घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ भेजा गया, जबकि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।










