हाथरस। 45वें श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज छड़ी मेला महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को लाला के नगला स्थित बाबा जाहरवीर मंदिर में पूर्व विधायक सादाबाद देवेंद्र अग्रवाल ने पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता रामनारायण काके, पूरन सिंह कुशवाहा, हेमंत गौड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मेला समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार वार्ष्णेय ने मुख्य अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
शुभारंभ के बाद बाबा जाहरवीर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें तीन दर्जन से अधिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहीं। आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया और शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान बाबा जाहरवीर की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।










