हाथरस में मायके पक्ष के लोगों को लेकर ससुराल पहुंची विवाहिता, विधवा सास से की मारपीट….

0
23

पति-पत्नी के विवाद में ससुराल पहुंची विवाहिता, मारपीट का आरोप

हाथरस। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच हाथरस गेट थाना क्षेत्र में ससुराल पहुंची विवाहिता और उसके साथ आए लोगों पर मारपीट व हंगामा करने का आरोप लगा है। आरोप है कि विवाहिता अपने मायके पक्ष के कई लोगों के साथ रात में विष्णुपुरी स्थित ससुराल पहुंची और वहां मौजूद अपनी विधवा सास के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी कथित रूप से अभद्रता और मारपीट की गई।

मामला हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गंगा भीम बगीची के सामने गली नंबर-2, विष्णुपुरी का है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि वह करीब दो वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

तहरीर के अनुसार, सात अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे विवाहिता अपने भाई समेत अन्य परिजनों और कुछ अज्ञात लोगों के साथ ससुराल पहुंची। आरोप है कि घर में घुसने के बाद सामान को इधर-उधर फेंका गया और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपित पक्ष धमकी देते हुए मौके से चला गया। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित वीडियो फुटेज उपलब्ध होने की बात भी पुलिस को बताई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here