हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव थरौरा में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक नामजद आरोपी युवक और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को महिला की हत्या कर शव जलाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया गया था। मृतका के पिता सुरेश चंद्र निवासी जाइमई, सिरसागंज, फिरोजाबाद ने 1 अगस्त को सहपऊ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी की शादी वर्ष 2012 में थरौरा निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी के साथ हुई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में सहपऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी आकाश पुत्र रामब्रेश निवासी गांव थरौरा और एक अभियुक्ता को महरारा चौराहे से गिरफ्तार किया।
मामले में थाना सहपऊ पर मुकदमा संख्या 145/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










