हाथरस।सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान हाथरस में कांवड़ियों का भव्य एवं दिव्य स्वागत किया गया। श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह के द्वारा कांवड़ियों के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई गई। इस दौरान हाथरस से लेकर कासगंज बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग पर गुलाब के फूलों की वर्षा की गई।
पुष्पवर्षा कार्यक्रम में हाथरस सांसद अनूप प्रधान विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के लिए हेलीकॉप्टर को हाथरस शहर स्थित पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतारा गया। यहां हेलीकॉप्टर में गुलाब के पुष्प रखे गए, जिसके बाद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरकर कांवड़ मार्ग का रुख किया।
हेलीकॉप्टर ने हाथरस से कासगंज बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग पर गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ियों के ऊपर पुष्पवर्षा की। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़ियों में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। पुष्पवर्षा के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से कांवड़ मार्ग गूंज उठा।
श्रवण गंगा सेवा समिति की ओर से आयोजित इस विशेष पुष्पवर्षा कार्यक्रम का उद्देश्य कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का सम्मान और स्वागत करना रहा। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ यात्रा के माहौल को और भी भव्य बना दिया।










