हाथरस।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक सीताराम लांबा हाथरस पहुंचे। उन्होंने अलीगढ़ रोड स्थित गेस्ट हाउस में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बैठक की। इस दौरान जिलाध्यक्ष पद के कई दावेदारों ने फॉर्म जमा किए।
प्रेस वार्ता में लांबा ने कहा कि जिलाध्यक्ष का चयन आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होगा। जिला व ब्लॉक कमेटियों में जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को स्थान दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष पद के लिए पांच वर्ष की सक्रिय सदस्यता जरूरी है, जबकि आयु सीमा तय नहीं है।
लांबा ने माना कि हाथरस कांग्रेस में गुटबाजी है। उन्होंने कहा कि बेहतर तालमेल से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन सुधरेगा। संगठन को मजबूत करने के लिए वह अगले सात दिनों तक हाथरस में रहेंगे।










