हाथरस के बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका, खाद्य प्रसंस्करण और कुकरी-बेकरी प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू
100 दिवसीय उद्यमिता विकास और एक माह के कुकरी-बेकरी प्रशिक्षण में 60 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
हाथरस। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र, आगरा के सहयोग से आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रशिक्षित करना और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
विभाग की ओर से दो प्रकार के प्रशिक्षण
कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। जिनमें पहला 100 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण है। यह प्रशिक्षण अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए एससीपी योजना के तहत आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के 30 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
दूसरा एक माह का कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण है। यह प्रशिक्षण सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुला है। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का साक्षर होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। इस प्रशिक्षण के लिए भी 30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
18 वर्ष से अधिक उम्र के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
विभाग के अनुसार 18 वर्ष से अधिक आयु के बेरोजगार पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी, जो साक्षर अथवा हाईस्कूल उत्तीर्ण हैं, प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण में प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
मंडी समिति परिसर में जमा होगा आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन जनपद स्तरीय राजकीय फल संरक्षण केंद्र, मंडी समिति परिसर, हाथरस से प्राप्त कर वहीं जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सहायक प्रभारी, राजकीय फल संरक्षण केंद्र, हाथरस योगेश्वरी से मोबाइल नंबर 8171463853 पर संपर्क किया जा सकता है।










