मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
हाथरस। जिला हाथरस में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, पूर्व प्रभारी वी.के. शर्मा एवं विशन सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान सदर विधायक द्वारा सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण से संबंधित किट वितरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने लाभार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने 15 अगस्त के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर तिरंगा लगाने के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित किया।
वहीं पूर्व प्रभारी वी.के. शर्मा ने विभागीय योजनाओं और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अचार, मुरब्बा, शरबत, फलों का जूस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के संरक्षण और प्रसंस्करण की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
पूर्व प्रभारी विशन सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर बेहतर आय अर्जित करने तथा समूह बनाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने योजना के तहत ग्रामीण स्तर पर मिलने वाले लाभ और सरकार द्वारा दिए जाने वाले 50 प्रतिशत अनुदान की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में डीआरपी लक्ष्मी नारायण ने जिले में संचालित पीएमएफएमई योजना और उद्योग नीति-2023 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को मशीनरी आदि पर 35 प्रतिशत तक अनुदान, अधिकतम 10 लाख रुपये तक का लाभ मिल सकता है।
कार्यक्रम में भूपेंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी श्रीमती योगेश्वरी ने किया, जिसमें संजय चौधरी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित तकनीकी जानकारी देने के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।










