सिकंदराराऊ। आजादी के अमृत महोत्सव एवं ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को सिकंदराराऊ नगर पालिका परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत सरकार के निर्देश पर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह यात्रा आयोजित हुई।
तिरंगा यात्रा में आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, नगर पालिका के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगर पालिका परिसर से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के जयघोष किए। नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
यात्रा भ्रमण के बाद नगर पालिका परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मुसीर कुरैशी ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर में कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर तिरंगा पहुंचाया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवार इस अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर सके।










