हाथरस।हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए दिव्यांग दंपति की समस्या का त्वरित समाधान कराया। दोनों दिव्यांग पति-पत्नी किराए के मकान में रह रहे थे और उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी।
जनता दर्शन में श्रीमती हीराबाई प्रजापति पत्नी धर्मेन्द्र चौधरी ने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की। प्रकरण की गंभीरता और पात्रता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रीमती हीराबाई प्रजापति एवं उनके परिवार का अंत्योदय राशन कार्ड जारी कर दिया। अब पात्र परिवार को शासन की खाद्यान्न संबंधी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि पात्र और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
समस्या का तत्काल समाधान होने पर दिव्यांग दंपति ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। डीएम की इस पहल से जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता सामने आई है।










