सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव नगला मनी डेगमा निवासी 44 वर्षीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) जवान मनोज यादव पुत्र कमलेश यादव का ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया। मनोज यादव पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मनोज यादव मंगलवार को रोजाना की तरह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान करीब 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। साथ में मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मनोज यादव की मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई।
मनोज यादव ने BSF में करीब 20 वर्षों तक सेवा की। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। अचानक जवान की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी मातम का माहौल है।
बुधवार, 13 अगस्त को मनोज यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नगला मनी डेगमा पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्रवासी अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। हर आंख नम थी और पूरा गांव गमगीन नजर आया।
BSF जवान के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस-प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई की प्रक्रिया पूरी की गई। मनोज यादव के छोटे पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से देश के इस जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
करीब दो दशक तक देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपनी सेवाएं देने वाले मनोज यादव के निधन से क्षेत्रवासियों में गहरा दुख है। ग्रामीणों ने कहा कि देश की सेवा करते हुए अपना जीवन समर्पित करने वाले मनोज यादव की सेवाओं और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। परिवार के प्रति क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।










