हाथरस। ग्राम पंचायत राजपुर में पहली बार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 35 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश देना रहा। ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान के समान है। स्वस्थ एवं योग्य लोगों को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि एडीएचआर ने जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे पारिवारिक अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल की है। इससे समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर आयोजित इस शिविर में सभी ने केक काटकर उन्हें आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के माध्यम से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी के जन्मदिन पर रक्तदान कर किसी को जीवनदान दो” का प्रेरणादायक संदेश भी दिया गया।
ग्रामीण स्तर पर पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। ग्राम प्रधान ने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
शिविर में एडीओ पंचायत के.के. गौतम, सचिव प्रकाश चंद्र, अलंकार अग्निहोत्री, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, राजेश वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, मुरारी चौधरी, अरविंद कुमार, दीपक अग्रवाल, सागर अग्निहोत्री, भारत कुमार, सोनू कुमार, पल्लव अग्निहोत्री, अमित अग्निहोत्री, कृष्णा अग्निहोत्री, माधव अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










