हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के गांव लुटसान में 24 वर्षीय विवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका शिवानी गांव खेड़ा फिरोजपुर की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले लुटसान निवासी शिवकुमार पुत्र हुकम सिंह से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। शिवानी के भाई का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। पति पर शराब के नशे में मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
मायके पक्ष के लोगों ने शिवानी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।










