हाथरस के ग्राम सठिया में राजकीय फल संरक्षण केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 अगस्त को विधायक अंजुला सिंह माहौर ने किया था।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि प्रतिभागी स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
समापन अवसर पर ग्राम प्रधान कृष्णा देवी और राजकीय फल संरक्षण केंद्र के पूर्व प्रभारी वी.के. शर्मा ने सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण योजना के तहत मिलने वाले 50 प्रतिशत अनुदान की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षार्थियों को योजना का अधिक से अधिक लाभ लेकर स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजकीय फल संरक्षण केंद्र, हाथरस की प्रभारी योगेश्वरी जी ने किया। प्रशिक्षण के सफल आयोजन में डीआरपी लक्ष्मी नारायण एवं संजय चौधरी का विशेष सहयोग रहा।
प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण स्वरोजगार स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।










