हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुरसान गेट स्थित विजय नगर चौराहे पर नगर पालिका में कार्यरत टैक्स कलेक्टर 35 वर्षीय गौरव दीक्षित उर्फ पंकज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की बहन के अनुसार, गौरव का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को गौरव ऑफिस से घर लौटे थे, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। दोनों कमरे में चले गए। कुछ देर बाद परिजनों को गौरव की हालत गंभीर होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक गौरव दीक्षित उर्फ पंकज, पुत्र सत्यप्रकाश दीक्षित निवासी मुरसान गेट बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल गौरव की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।










