हाथरस। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को हाथरस पुलिस लाइन में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन का माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस की सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना कायम रखने की है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस विभाग की ओर से उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और जिम्मेदारी से किए गए कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह पूरी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।










