सिकंदराराऊ में अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, 51 कलश में 200 लीटर से अधिक गंगाजल लेकर निकली महिलाएं

0
21

 

सिकंदराराऊ में एक बार फिर अनोखी कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पंत चौराहे के निकट शिकोहाबाद की रहने वाली एक दर्जन से अधिक महिला श्रद्धालुओं की कांवड़ पहुंची, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

दरअसल, महिला श्रद्धालु चार पहिया वाहन पर भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को विराजमान कर 51 कलश में 200 लीटर से अधिक गंगाजल लेकर हरिद्वार से शिकोहाबाद के लिए निकली हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने 12 अगस्त, बुधवार को हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की थी और 16 अगस्त तक करीब 400 किलोमीटर का सफर तय कर सिकंदराराऊ पहुंची हैं।

महिला श्रद्धालुओं के साथ चल रहे भक्तों ने बताया कि सभी को सोमवार 17 अगस्त को शिकोहाबाद के बटेश्वर महाराज मंदिर पहुंचकर इन 51 कलशों के जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है। इसके लिए श्रद्धालु करीब 500 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेंगी।

जब महिला भक्तों से इतने लंबे सफर के दौरान थकान और कमजोरी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जुबान पर भोलेनाथ का नाम, मन में आस्था और दिल में विश्वास हो तो थकान महसूस ही नहीं होती। श्रद्धालुओं का कहना है कि भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह समर्पित होकर वे लगातार आगे बढ़ रही हैं।

अनोखी कांवड़ और महिला श्रद्धालुओं की आस्था को देखकर सिकंदराराऊ में लोग भी उनकी भक्ति की सराहना करते नजर आए। अब सभी श्रद्धालुओं का लक्ष्य 17 अगस्त को बटेश्वर महाराज मंदिर पहुंचकर गंगाजल अर्पित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here