प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर का गर्भगृह ढहा,घटना सीसीटीवी में हुई कैद

0
23

 

हाथरस कोतवाली क्षेत्र सासनी के रेलवे रोड स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर का गर्भगृह रविवार सुबह करीब 5:52 बजे अचानक ढह गया। इस घटना से मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मंदिर के भवन को काफी नुकसान पहुंचा है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज आवाज के साथ मंदिर का एक हिस्सा गिरते हुए साफ देखा जा सकता है।

गर्भगृह ढहने की अचानक हुई इस घटना से सुबह के समय आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

स्थानीय निवासी हरिमोहन और अमित कुमार ने बताया कि यह राधा-कृष्ण मंदिर काफी प्राचीन है। इसके भवन का काफी समय पहले नवनिर्माण हुआ था। फिलहाल, मंदिर परिसर में मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्राचीन मंदिर की स्थिति का निरीक्षण कराया जाए, ताकि इसके अन्य हिस्सों की मजबूती का पता चल सके। साथ ही, क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कर उसे सुरक्षित किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here