हाथरस। कोतवाली नगर क्षेत्र से गुमशुदा हुईं दो नाबालिग और एक बालिग युवती को हाथरस पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। तीनों लड़कियां घर से मदरसे में एडमिशन के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ बस स्टैंड, बाजार और सार्वजनिक स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही सोशल मीडिया, सर्विलांस और तकनीकी इनपुट की मदद ली गई।
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि तीनों लड़कियां बस से आगरा की ओर जा रही हैं। पुलिस टीम ने बस को ट्रेस करते हुए फाउंड्री नगर आगरा तक पीछा किया। इसके बाद फुटेज में लड़कियां एक ऑटो में बैठकर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर जाती दिखाई दीं।
पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी इंटेलिजेंस की मदद से उस ट्रेन को भी ट्रेस किया, जिसमें तीनों लड़कियां सवार थीं। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने तीनों को जीआरपी थाना बीना, भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया।
बेटियों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने हाथरस पुलिस के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की और पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते महज 12 घंटे में तीनों गुमशुदाओं की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी।










