हाथरस।उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक राशन डीलरों यानी उचित दर विक्रेताओं और कोटेदारों के हित में बड़ा फैसला लिया है।
सरकार ने राशन डीलरों का लाभांश 90 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे कोटेदारों के कमीशन में सीधे 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। इस फैसले से जनपद हाथरस के 653 राशन डीलरों को भी लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पूर्ति कार्यालय की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे मौजूद राशन डीलरों एवं अधिकारियों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम सहित जनपदभर के राशन डीलर मौजूद रहे।
सरकार के इस फैसले को राशन डीलरों के लिए राहत भरा कदम बताया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं राशन डीलरों ने भी सरकार द्वारा लाभांश बढ़ाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।










