बेटी के प्रति प्रेम की अनोखी मिसाल, गंगाजल के साथ कांवड़ में बेटी को लेकर निकला परिवार

0
22

 

हाथरस।सावन के पवित्र महीने में भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कांवड़ियों का जत्था हर-हर महादेव के जयकारों के साथ शिवालयों की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे है। इसी बीच हाथरस शहर में एक ऐसी अनोखी कांवड़ देखने को मिली, जिसने राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

यह कांवड़ सिर्फ गंगाजल लेकर चलने की आस्था नहीं, बल्कि बेटी के प्रति परिवार के प्रेम, समर्पण और सम्मान की अनूठी मिसाल भी बनी। कांवड़ के एक सिरे पर पवित्र गंगाजल था, जबकि दूसरे सिरे पर परिवार की बेटी बैठी हुई थी। उसे देखकर लोगों में कौतूहल के साथ-साथ परिवार की भावना के प्रति सम्मान भी दिखाई दिया।

दरअसल, हाथरस के गांव बिसाना के एक ही परिवार के लोग सोरों से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। परिवार ने अपनी बेटी को भी इस यात्रा का हिस्सा बनाया और कांवड़ के एक सिरे पर उसे बैठाकर यात्रा पूरी कर रहे हैं। परिजनों का यह अंदाज मानो यह संदेश दे रहा है कि बेटियां परिवार के लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धा, सम्मान और प्रेम का केंद्र भी हैं।

सावन की इस यात्रा में जहां एक ओर भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी ओर बेटी के प्रति परिवार का स्नेह और समर्पण भी लोगों के सामने एक खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहा है। हाथरस की सड़कों से गुजर रही यह अनोखी कांवड़ अब लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here