हाथरस। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22436 के अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव की मांग को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स यानी एडीएचआर के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अनूप वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा।
एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम सांसद को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि हाथरस, एटा, कासगंज और अलीगढ़ महत्वपूर्ण जिले हैं, जहां से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और धार्मिक कार्यों के लिए कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी की यात्रा करते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस अलीगढ़ जंक्शन से होकर गुजरती है, लेकिन यहां इसका ठहराव नहीं है। अलीगढ़ में महज दो मिनट का ठहराव मिलने से इन जिलों की करीब एक करोड़ आबादी को प्रयागराज और वाराणसी के लिए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
इससे छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, अलीगढ़ में एएमयू समेत कई प्रमुख शैक्षिक संस्थान होने के कारण यात्रियों की संख्या और रेलवे राजस्व में भी वृद्धि होने की संभावना जताई गई।
सांसद अनूप वाल्मीकि ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि वह स्वयं प्रयास करेंगे कि ट्रेन संख्या 22436 का अलीगढ़ जंक्शन अथवा हाथरस जंक्शन पर दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित हो, जिससे क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिल सके।
ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल, अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल, भानुप्रकाश वार्ष्णेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










