मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री मन की पाती कार्यक्रम का हुआ आयोजन, छात्राओं ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बांधी राखी

0
11

 

हाथरस। मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत शहर के सेठ हरचरणदास गर्ल्स इंटर कॉलेज में ‘मुख्यमंत्री मन की पाती’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पत्र लिखकर अपने विचार, भावनाएं और मन की बात साझा की।

इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित और कॉलेज की प्रधानाचार्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पत्र लेखन बच्चों को अपने विचारों को शब्दों के माध्यम से प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर देता है।

सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि आज के इंटरनेट और स्क्रीन टाइम के दौर में बच्चों को लेखन और किताबों से भी जुड़ना चाहिए। पत्र लेखन के माध्यम से मन, आंखों और विचारों का बेहतर समन्वय होता है तथा बच्चों में अपनी बात स्पष्ट रूप से रखने की क्षमता विकसित होती है।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ लगातार लिखने का अभ्यास करें और कलम व कागज को अपनी सफलता का माध्यम बनाएं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने भी छात्राओं द्वारा लिखे गए पत्रों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने कार्यक्रम के लिए अच्छी तैयारी की है और अपने विचारों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी प्रतिभा और गतिविधियों की जानकारी ली। कॉलेज में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर छात्राओं ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को राखी भी बांधी। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here