हाथरस। इन दिनों सर्पदंश की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को सर्प के काटने से दो युवतियों समेत तीन लोग घायल हो गए। परिजनों ने सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐहन निवासी 17 वर्षीय अनीता पुत्री कोमल प्रसाद गोबर की ओबेले निकाल रही थी, तभी उसे सर्प ने काट लिया। बताया गया है कि अनीता को इससे पहले भी सर्प काट चुका है। वहीं अमरपुर घना निवासी 19 वर्षीय नूतन पुत्री भूरी सिंह खेत में भिंडी तोड़ने गई थी, तभी सर्प ने उसे डस लिया।
इधर, नगला केशों निवासी 22 वर्षीय विक्रम पुत्र साहब सिंह खेत में काम कर रहा था, इसी दौरान उसे भी सर्प ने काट लिया। तीनों को परिजनों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।










