हाथरस में सेवा और परोपकार की भावना को साकार करते हुए 20 अगस्त को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर निस्वार्थ सेवा संस्थान और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, तपस्या धाम के संयुक्त तत्वावधान में पूज्य डॉ. दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में लगाया जा रहा है।
रक्तदान शिविर का आयोजन 20 अगस्त 2026, गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तपस्या धाम, तरफरा रोड, हाथरस में किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का संकल्प है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद और नई सांस बन सकता है।
बीके सीता दीदी ने बताया कि निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनमें शहर के युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। वहीं ब्रह्माकुमारी संस्था भी रक्तदान को मानवता, भाईचारे और सेवा की भावना से जोड़कर लगातार जागरूकता अभियान चलाती रही है।
आयोजकों ने हाथरस के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और सभी स्वस्थ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की है।
शिविर का आयोजन संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, विशाल सोनी तथा तपस्या धाम की बीके सीता दीदी और सह-जिला प्रभारी बीके भावना दीदी के समन्वय से किया जा रहा है।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है और आपका दिया हुआ रक्त किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने की वजह बन सकता है। इसलिए 20 अगस्त को तपस्या धाम पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता की इस मुहिम का हिस्सा बनें।










