PNB बैंक में महिला के बैग से 14 हजार किए पार,CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात

0
22

 

सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला के बैग से 14 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, हसायन थाना क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा निवासी सावित्री देवी पीएनबी बैंक से 14 हजार रुपये निकालकर अपने बैग की जेब में रख रही थीं। महिला का आरोप है कि उनके पीछे पहले से दो महिलाएं और एक बाइक सवार व्यक्ति बैंक में मौजूद थे। रुपये रखने के कुछ ही देर बाद दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर उन्हें बातों में उलझाया और इसी दौरान एक महिला ने उनके बैग की चेन खोलकर उसमें रखे 14 हजार रुपये निकाल लिए।

रुपये गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला ने शोर मचाया, जिससे बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़िता का कहना है कि संदिग्ध महिलाएं और बाइक सवार व्यक्ति पहले से ही उसका पीछा कर रहे थे। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध महिलाओं की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here