हाथरस पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा के निर्देशन में सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की। अथक प्रयास के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग कंपनियों के 109 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए।
19 अगस्त को पुलिस कार्यालय में एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने हाथरस पुलिस और सर्विलांस टीम का आभार जताते हुए पुलिस की जमकर प्रशंसा की।
पुलिस ने बताया कि मोबाइल बरामदगी अभियान आगे भी जारी रहेगा।










