हाथरस। ग्राम गढ़ी गिरधर, न्याय पंचायत टिपरस, ब्लॉक हाथरस में 20 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रभारी वी.के. शर्मा एवं विशन सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें प्रशिक्षण से संबंधित किट वितरित की गईं। इस दौरान लाभार्थियों को योजना का लाभ उठाकर अधिक से अधिक खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पूर्व प्रभारी वी.के. शर्मा ने अचार, मुरब्बा, शरबत, फलों का जूस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के संरक्षण और प्रसंस्करण की विधिवत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार शुरू किया जा सकता है। वहीं विशन सिंह ने इकाई स्थापित कर अधिक लाभ कमाने तथा समूह बनाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण स्तर पर मिलने वाले 50 प्रतिशत सरकारी अनुदान की जानकारी भी दी गई। डीआरपी लक्ष्मी नारायण ने पीएमएफएमई योजना और उद्योग नीति-2023 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पात्र इकाइयों को मशीनरी आदि पर 35 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 10 लाख रुपये तक का लाभ मिल सकता है।
कार्यक्रम में भूपेंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी श्रीमती योगेश्वरी ने किया, जिसमें संजय चौधरी का भी पूर्ण सहयोग रहा।










