डीजल इंजन की मरम्मत करते समय व्हील फटा, मिस्त्री की हुई मौत

0
29

 

हाथरस सासनी के गांव ऊस्वा में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत करते समय अचानक व्हील फटने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। इस हादसे में इंजन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली सासनी क्षेत्र की खंडेलवाल चौकी के अंतर्गत हुई।

मृतक की पहचान गांव ऊस्वा निवासी करीब 60 वर्षीय रामकिशन पुत्र सियाराम के रूप में हुई है, जो डीजल इंजन मरम्मत का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे रामकिशन गांव में एक इंजन ठीक करने पहुंचे थे। इसी दौरान काम करते समय इंजन की भील फट गई। तेज धमाके के साथ हुए इस हादसे में रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। इंजन मालिक दीपक पुत्र रामबाबू (करीब 32 वर्ष) भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत एकत्रित हो गए। घायलों को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन बताया गया कि रामकिशन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर खंडेलवाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने रामकिशन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इंजन की भील पहले से ही चटकी हुई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here