हाथरस। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत जिलाधिकारी हाथरस एवं उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देशन में आबकारी टीम ने सादाबाद और सदर क्षेत्र में स्थित विभिन्न मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आबकारी टीम ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया। साथ ही रैंडम तरीके से QR कोड स्कैन कर मदिरा की सत्यता का भी सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने दुकान संचालकों और विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, देशी शराब 42.8 प्रतिशत तीव्रता वाले टेट्रा पैक की उपलब्धता और बिक्री को लेकर दुकानदारों तथा ग्राहकों से बातचीत कर उनका रुझान जाना गया। आबकारी टीम ने लोगों को अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित एवं वैध माध्यम से ही मदिरा खरीदने की अपील की।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मदिरा की बिक्री और सेवन पर प्रभावी रोक लगाना तथा मदिरा दुकानों पर नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना है।










