हाथरस।आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में संगठन के जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप चन्द्र प्रेमाकर ने जिला पूर्ति अधिकारी, हाथरस को पत्र सौंपा।
पत्र में कहा गया है कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। संगठन के अनुसार जनपद हाथरस के ग्रामीण क्षेत्रों में उचित दर विक्रेताओं के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत कोटेदारों के लिए अभी तक निर्माण प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
एसोसिएशन ने जिला पूर्ति अधिकारी से मांग की है कि जनपद हाथरस के सभी नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लिए भी जल्द से जल्द अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाए, ताकि उचित दर विक्रेताओं को किराये के भवनों से निजात मिल सके और राशन वितरण की व्यवस्था के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।










