हाथरस। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर तहसील सदर में लेखपालों ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) द्वारा गलत सूचना एवं शिकायतों के आधार पर लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष मोहित शर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लेखपाल संघ के पदाधिकारी और लेखपाल मौजूद रहे।
लेखपालों ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण कर्मचारी है, जो कठिन परिस्थितियों में गांव-गांव जाकर शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ भूमि संबंधी कार्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। इसके बावजूद शिकायतों की वास्तविकता की जांच किए बिना फर्जी तरीके से लेखपालों को कार्रवाई में फंसाया जा रहा है।
धरना प्रदर्शन के बाद लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कराने और गलत तरीके से की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।










