हाथरस। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर के निकट सड़क हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रामपुर निवासी 56 वर्षीय ईश्वरी प्रसाद पुत्र दीपचंद के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर घायल ईश्वरी प्रसाद को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ईश्वरी प्रसाद बाइक से गांव से हाथरस आ रहे थे। गांव के निकट उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। गंभीर हालत में ईश्वरी प्रसाद को उपचार के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
परिजन शव को हाथरस लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक पीडब्ल्यूडी में कार्यरत थे और अपने पीछे पांच संतानें छोड़ गए हैं।










