हाथरस। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के अलीगढ़-एटा हाईवे स्थित गांव टोली के पास देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित शर्मा पुत्र रमेश चंद शर्मा निवासी श्याम नगर, गांधी मार्ग, एटा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अमित फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बीती रात बाइक से फरीदाबाद से अपने घर एटा लौट रहा था। गांव टोली के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।










