हाथरस।उत्तर प्रदेश सरकार ने PM पोषण (मिड-डे मील) योजना से जुड़े रसोइयों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इसी को लेकर हाथरस जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रसोइयों को सरकार की ओर से दी गई नई सुविधाओं की जानकारी दी गई और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा सदर विधायक अंजुला माहौर रहीं। उनके साथ अपना दल एस के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत भी मौजूद रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों को सरकार की नई सौगातों के लिए बधाई दी।
इस योजना के तहत जनपद के करीब 2412 रसोइयों को सालाना 5 लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। अधिकृत अस्पतालों में योजना के अंतर्गत वर्ष में 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार कराया जा सकेगा।
इसके साथ ही रसोइयों का मासिक मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है। सरकार की ओर से रसोइयों को 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए SBI के माध्यम से बैंक खाते और बीमा कवर सुनिश्चित किया गया है।
रसोइयों को साड़ी अथवा ड्रेस के लिए मिलने वाली सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। अब यह राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, प्रभारी बीएसए तथा मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में PM पोषण योजना के रसोइयां मौजूद रही।










