हाथरस। सोमवार सुबह चंदपा कोतवाली क्षेत्र में ककोड़ी और अल्हैपुर के बीच एक स्कूल बस और मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार सात मजदूर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
बताया गया कि सभी मजदूर सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव आरती के रहने वाले हैं और पल्लेदारी का काम करते हैं। वे रातभर हाथरस में मजदूरी करने के बाद सोमवार सुबह ईको से अपने गांव लौट रहे थे। करीब सुबह 6:30 बजे ककोड़ी गांव से आगे स्कूल बस और ईको की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में हरदम सिंह, वीरेंद्र, नरेश, वीकेश, अविनाश समेत अन्य मजदूर घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश पुत्र लान सिंह को आगरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। राकेश और ईको चालक राजा बाबू के पिता-पुत्र होने की बात सामने आई है। दोनों की मौत से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।










