डीएम अतुल वत्स की पहल से फरियादी को मिला न्याय, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जमीन पैमाइश की शिकायत का तत्काल निस्तारण

0
40

 

हाथरस।जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और फरियादियों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स की ‘शिकायत के बाद प्रशासन आपके द्वार’ पहल के माध्यम से पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल रहा है, इस पहल के माध्यम से जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तत्काल लाइन पर लेकर समस्या का समाधान कर रहे हैं।

सोमवार को जनसुनवाई के दौरान तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र के फरीदाबाद गांव निवासी विनोद कुमार ने जिलाधिकारी अतुल वत्स के समक्ष जमीन की पैमाइश न होने की शिकायत रखी। तो जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सिकंदराराऊ एसडीएम और संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइन पर लिया और शिकायत का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर विनोद कुमार की जमीन की पैमाइश से संबंधित समस्या का मौके पर ही समाधान कराया गया। समस्या का निस्तारण होने के बाद फरियादी विनोद कुमार ने जिलाधिकारी का आभार जताया।

विनोद कुमार ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से जमीन की पैमाइश के लिए तहसील सिकंदराराऊ के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। जिलाधिकारी के सामने शिकायत रखने के बाद तत्काल कार्रवाई हुई और उसकी जमीन की पैमाइश की समस्या का समाधान करा दिया गया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स की इस पहल से फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और जनसुनवाई के दौरान ही संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here