हाथरस। सोमवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर जाकर सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के लिए नगर पालिका कर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से एक अधिकारी को सफाई व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि वह बिना सूचना के किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण कर सकते हैं और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के बाद सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रभावी चेकिंग मैकेनिज्म तैयार करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। सभी सफाई कर्मियों को निर्धारित समय पर आईकार्ड के साथ मौके पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने और इसके बाद अपने क्षेत्र में सफाई कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई में स्ट्रीट लाइट खराब होने और नई लाइट की आवश्यकता से संबंधित शिकायतों का भी संज्ञान लिया गया। नगर पालिका द्वारा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया किए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ अधिकारियों, एसडीएम एवं अन्य अधिकारियों को भी क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, एसडीएम कलेक्ट्रेट, एसडीएम ओसी, अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










