
हाथरस। सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के नगला बिहारी गांव में सोमवार दोपहर करीब एक बजे रामकिशन के घर में कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। घर में अचानक सांप दिखाई देने से परिवार के लोग घबरा गए और ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
परिजनों ने सांप को भगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी एवं मशक्कत के बाद कोबरा सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, कोबरा को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि गर्मी और बारिश के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।










