बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में हुआ भव्य रुद्राभिषेक, श्रद्धालुओं ने की सुख समृद्धि की कामना

0
22

 

सासनी। किले के पास स्थित प्राचीन श्री बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में बांके बिहारी ज्योतिष संस्थान के तत्वावधान में भव्य रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।

वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक किया और बेलपत्र, पुष्प आदि अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पंडितों और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। आयोजकों ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना और रुद्राभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी उद्देश्य से श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना का अवसर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का आवागमन बना रहा। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। रुद्राभिषेक के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में पं. तुषार उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय आचार्य, शैलेश शर्मा, पं. अनिल कृष्ण, राहुल वार्ष्णेय, हरीशंकर वार्ष्णेय, दीपक भारद्वाज, प्रदीप उपाध्याय, संजीव कुमार शर्मा, अवधेश दीक्षित, निशांत शर्मा, लोकेन्द्र, दीपक लवानिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here