हाथरस। सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव गढ़ी रत्ती में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर ग्रामीण ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता राजकुमार पुत्र देवराज, निवासी गांव गढ़ी रत्ती ने आरोप लगाया है कि गांव में सरकारी जमीन, नवीन परती और बंजर भूमि पर कुछ भू-माफिया द्वारा कब्जा किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस संबंध में तहसील दिवस में कई बार शिकायत की जा चुकी है। शिकायत के बाद राजस्व टीम गठित कर मौके पर भेजे जाने का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश किए बिना ही वापस लौटने तथा प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्रवाई किए जाने की शिकायत की गई है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि गांव में सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने गाटा संख्या 3794, 3795, 3799 और 3730 समेत अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की बात कही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी भूमि की पैमाइश कराई जाए और यदि कब्जा पाया जाता है तो उसे हटवाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित राजस्व कर्मियों की भी जांच कराने की मांग की गई है।










