हाथरस। रक्षाबंधन के पर्व पर सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित नेशनल हाईवे-34 पर गांव बिलार के निकट शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर निवासी शारदा पत्नी सुखबीर, उम्र 45 वर्ष, सुखबीर, उम्र 50 वर्ष और सुनीता पत्नी राकेश, उम्र 40 वर्ष बाइक से सिकंदरा राव क्षेत्र के गांव लश्करगंज राखी बंधवाने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बिलार गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने शारदा और उनके पति सुखबीर की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि सुनीता का उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। दो घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रेफर किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में मौके पर स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारू करा दिया गया है।










